Sunday, August 14, 2011

कालरी में अज्ञात महिला की लाश

हमीरवास थानाक्षेत्र के गांव कालरी की रोही स्थित खेत में शुक्रवार सुबह मिली अज्ञात महिला की लाश की शिनाख्त शनिवार को भी नहीं हुई।दूसरी ओर इस ब्लाइंड मर्डर ने पुलिस का सिरदर्द बढ़ा दिया।
पुलिस ने लाश के डी-कंपोज होने के कारण शनिवार को मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव को दाह संस्कार के लिए नगरपालिका को सौंपा गया। थानाधिकारी महेंद्रदत्त शर्मा ने बताया कि मृतका का सुराग लगाने के लिए आस-पास के पुलिसथानों के अलावा हरियाणा के पुलिसथानों में भी सूचना भेजी गई है।
तीसरा ब्लाइंड मर्डर
राजगढ़ सर्किल के पुलिसथाना राजगढ़ व हमीरवास में ब्लाइंड मर्डर की हुई इस तीसरी वारदात ने पुलिस की परेशानी बढ़ा दी है। इससे पहले राजगढ़ पुलिसथाना क्षेत्र में दो ब्लाइंड मर्डर चुके है। दोनों ब्लाइंड मर्डर में मृतक की अभी तक पहचान भी नहीं हुई कि एक ओर ब्लाइंड मर्डर की वारदात हो गई। एक के बाद एक हो रही वारदातों ने राजगढ़ व हमीरवास पुलिसथाना क्षेत्र की सीमा की सुरक्षा व्यवस्था की कलई खोल दी है। अपराधी बेखौफ होकर हत्या कर लाश डालकर निकल जाते हैं। गत 5 मई को राजगढ़ पुलिसथाना क्षेत्र में धोलिया-सेऊवा सड़क मार्ग पर स्थित कुंड पर एक अज्ञात युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मृतक व हत्यारों का आज तक कोई सुराग नहीं लगा। उक्त वारदात के बाद एक जून को ख्याली-ढाणा सड़क मार्ग पर गांव ख्याली से एक किमी दूर जोहड़ में बने सार्वजनिक कुंड में एक अज्ञात युवक की लाश मिली थी। युवक की गला दबाकर हत्या करने के बाद लाश को कुंड में डाला गया था। उसके दाहिने हाथ पर मिंटू एसके नाम खुदा हुआ था। नाम खुदा होने के बावजूद उक्त मृतक का पता लगाने में पुलिस आज तक नाकाम रही। शुक्रवार को हमीरवास थानाक्षेत्र के गांव कालरी की रोही में महिला की हत्या कर लाश को पेड़ से बांधने की वारदात के बाद पुलिस प्रकरण का खुलासा करने में जुट गई है। मृतका के हाथ पर नाम खुदा होने के कारण पुलिस को इसका सुराग लगाने में सफलता मिलने की संभावना है।

No comments:

Post a Comment